सीजन के पहले सत्र में रिंक ने स्केटिंग करते हुए युवाओं ने दिखाया उत्साह, स्केटर्स ने दो घंटे तक की स्केटिंग
विज्ञापन
अच्छी तरफ बर्फ जमने पर शुरू होंगे शाम के सत्र संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के लक्कड़ बाजार स्थित आइस स्केटिंग रिंक में वीरवार से स्केटिंग शुरू हो गई। स्केटर्स ने संगीत की मधुर धुनों के बीच सुबह आठ से दस बजे तक स्केटिंग करने का मजा लिया।
पहले सत्र में स्केटिंग करने को लेकर युवाओं में ज्यादा उत्साह देखने को मिला। पहले ही दिन करीब 15 स्केटर्स ने स्केटिंग की। इस दौरान छोटे बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी स्केटिंग करने पहुंचे थे। आइस स्केटिंग क्लब के महासचिव मनप्रीत सेंबी, सचिव रजत मल्होत्रा, संयुक्त सचिव पंकज प्रभाकर ने नए स्केटर्स को स्केटिंग सीखने में मदद की। क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि रात को साफ मौसम को देखते हुए आने वाले दिनों में भी सुबह के स्केटिंग सत्र जारी रहेंगे। रिंक में बर्फ की और परतें जमने तथा पूरे रिंक के जम जाने पर ही क्लब शाम के सत्र शुरू करने का निर्णय लेगा। पर्यटकों से तीन सौ रुपये प्रति सत्र के हिसाब से फीस ली जाती है। इसमें स्केट्स भी उपलब्ध करवाए जाते हैं।
विज्ञापन
संयुक्त सचिव पंकज प्रभाकर ने कहा कि पहले दिन नए स्केटर्स को सुबह के सत्र में स्केटिंग सिखाने का काम भी शुरू कर दिया है। शिमला आइस स्केटिंग क्लब के महासचिव रजत मल्होत्रा ने बताया कि मौसम ने अगर साथ दिया तो दिसंबर के आखिरी सप्ताह में स्केटिंग कार्निवल आयोजित किया जाएगा। इसमें फैंसी ड्रेस, ज्वाइंट व्हील, स्केटर्स का चैन टेग, जंप ओवर द बास्केट जैसी मनोरंजक खेलों का आयोजन किया जाएगा।
शुल्क की यह रहेंगी दरें
आइस स्केटिंग रिंक में सीनियर के लिए पूरे सीजन का तीन हजार रुपये सदस्यता शुल्क रखा है। जूनियर को 1,800 रुपये शुल्क देना होगा। सीनियर के लिए आधे सीजन का शुल्क 1700, जूनियर के लिए 900 रुपये देने होंगे। स्केट्स किराये के रूप में लेने पर सीनियर को 1500 रुपये और जूनियर को 1200 रुपये प्रति सीजन के हिसाब से चुकाने होंगे। इसके अलावा एक सत्र में कैजुअल स्केटिंग करने के लिए 300 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया है।