हिमाचल का सियासी पारा और चढ़ेगा। भाजपा के फायरब्रांड नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रदेश के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे।
परिवर्तन रथयात्रा के आखिरी पड़ाव पर कार्यकर्ताओं में जोश भरने आ रहे योगी पहले चिंतपूर्णी मंदिर में शीश नवाएंगे। इसके बाद परिवर्तन रथयात्रा के साथ अंब स्थित जनसभा स्थल रामलीला मैदान पहुंचेगे।
सीएम योगी की सुरक्षा के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन के समय मंदिर के सभी गेट आम लोगों के लिए बंद रहेंगे। वहीं रथयात्रा से लेकर जनसभा स्थल तक योगी को विशेष सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी के दौरे की पूर्वसंध्या चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र भाजपा की झंडियों और पोस्टरों से पट गया। प्रदेश के शीर्ष भाजपा नेता योगी के दौरे को सफल बनाने के लिए रविवार रात तक व्यस्त रहे।