विषैले तत्वों को प्रभावी ढंग से छान नहीं पाता
हुक्के में मौजूद पानी भी इन विषैले तत्वों को प्रभावी ढंग से छान नहीं पाता। इसके अलावा हुक्का जलाने के लिए इस्तेमाल होने वाला कोयला भी कार्बन मोनोऑक्साइड का बड़ा स्रोत है। इसके सेवन से निकोटिन की लत के साथ-साथ फेफड़ों, मुंह और भोजन नली के कैंसर का खतरा बढ़ रहा है। फेफड़ों की कार्यक्षमता में कमी, हृदय रोग और प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का भी जोखिम रहता है। कोयले के धुएं से शरीर में ऑक्सीजन की कमी और विषाक्तता हो सकती है, जबकि एक ही पाइप और माउथपीस के साझा इस्तेमाल से संक्रमण फैलने का खतरा भी बना रहता है।
हर्बल नाम से बिकने वाले उत्पाद भी सुरक्षित नहीं
बाजार में हर्बल, टोबैको-फ्री या निकोटिन-फ्री शीशा के नाम से बेचे जाने वाले उत्पाद भी सुरक्षित नहीं हैं। इनके धुएं में कोयला जलने और फ्लेवरिंग एजेंट्स के गर्म होने से कार्बन मोनोऑक्साइड, सूक्ष्म कण और संभावित कैंसरकारी तत्व उत्पन्न होते हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रिकल हुक्का भी सेहत के लिए हानिकारक है।
सिगरेट के मुकाबले 100 से 200 गुना अधिक धुआं
हुक्के का एक कश (पफ) लगभग 500 से 900 मिलीलीटर धुएं के बराबर होता है, जबकि सिगरेट के एक कश में लगभग 50 से 100 मिलीलीटर धुआं होता है। एक हुक्का सत्र सामान्यतः 45 से 60 मिनट तक चलता है। इस दौरान शरीर में सिगरेट के मुकाबले 100 से 200 गुना अधिक धुआं प्रवेश करता है, जो गंभीर बीमारियों को जन्म दे रहा है।
आकर्षक फ्लेवर के पीछे छिपा है जहर : डॉ. रविंद्र
शिमला के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार का कहना है कि हुक्के का सेवन बेहद हानिकारक है और 11 राज्यों ने इसे बंद कर दिया है। आकर्षक फ्लेवर, खुशबूदार धुएं और रंगीन पैकेजिंग के पीछे जहर छिपा हुआ है। सिगरेट की तुलना में कई गुना अधिक धुआं हुक्के के माध्यम से शरीर में जाता है। विभाग की ओर से समय-समय पर इस पर कार्रवाई भी की जाती है।