पर्यटन नगरी मनाली के मझाच में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर के वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल का आगाज हुआ। फेस्टिवल में देश विदेश से सैलानी मनाली पहुंचे हुए हैं। इस दो दिवसीय उत्सव के पहले दिन देश-विदेश के कलाकारों ने धमाल मचाया।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पहली बार करवाए जा रहे दो दिवसीय फेस्टिवल को प्रकृति के बीच आयोजित किया जा रहा है। फेस्टिवल से होने वाली आमदनी का 10 प्रतिशत हिस्सा केरल बाढ़ प्रभावितों को भेंट किया जाएगा।
आयोजक कुनाल सागर, रिधिमा, जोगिंद्र और केतिन ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यह पहल की गई है। इस फेस्टिवल में दुनिया के नामी मशहूर गायकों और बैंड ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है।
उन्होंने बताया कि गोवा में हर साल इस तरह के फेस्टिवल आयोजित होते हैं। इन फेस्टिवल की बदौलत दुनिया भर के लाखों सैलानी भारत का रुख करते हैं। शुक्रवार को किंर्गुजापति, ओसरिस, टैरा, मेनॉग, स्टार लैब समेत नामी अंतरराष्ट्रीय गायक और बैंड ने अपनी प्रस्तुति से प्रतिभागियों को खूब नचाया।
फेस्टिवल में खाने पीने के लिए स्टाल लगाए गए हैं। इस मेले से स्थानीय लोगों को भी रोजगार प्राप्त हो रहा है। इस मेले में भारत समेत पूरी दुनिया की संस्कृति को दिखाया जा रहा है।
सिड्डू, मोमो समेत अन्य देशों के व्यंजन फेस्टिवल में प्रतिभागियों के लिए मुहैया करवाए जा रहे हैं। स्थानीय पर्यटन व्यवसायी अमित ने बताया कि इस तरह के आयोजन से मनाली में पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी।