वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष पद के लिए नामित मास्टरकार्ड के पूर्व सीईओ अजय बंगा का शिमला से नाता रहा है। पुणे में जन्मे बंगा ने 70 के दशक में शिमला के सेंट एडवर्ड स्कूल से प्राइमरी स्तर की पढ़ाई की। इनके पिता आर्मी में अफसर थे। इस दौरान कुछ समय के लिए वह शिमला में तैनात रहे। इस दौरान अजय बंगा को सेंट एडवर्ड स्कूल शिमला में पढ़ाई के लिए प्रवेश दिलवाया था। बंगा के वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष पद के लिए नामित होने पर न केवल सेंट एडवर्ड स्कूल बल्कि शिमला और हिमाचल के लिए भी यह गर्व की बात है।
उधर, सेंट एडवर्ड स्कूल के प्रधानाचार्य फादर अनिल स्क्वेरा ने अजय बंगा के वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष जैसे शीर्ष पद के लिए नामित होने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह स्कूल और शिमला के लिए गर्व का क्षण है। बंगा के स्कूल मेट रहे शिमला आइस स्केटिंग रिंक के पूर्व सचिव भवनेश बंगा ने बताया कि अजय बंगा 1975 में सेंट एडवर्ड में प्राइमरी की पढ़ाई की। उस समय उनके पिता आर्मी के अफसर के रूप में शिमला में तैनात थे। बता दें कि अजय बंगा के पिता, हरभजन सिंह बंगा एक सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल थे और शिमला में उनकी पोस्टिंग थी।