औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के जोहड़ों इलाके में चल रहे गत्ता उद्योग में हुए हादसे में कामगार की मौत हो गई। कालाअंब पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त राजबीर, निवासी साढौरा (यमुनानगर) हरियाणा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजबीर जोहड़ों स्थित गत्ता उद्योग में काम कर रहा था कि अचानक मशीन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार कर्फ्यू के दौरान औद्योगिक क्षेत्र के कालाअंब में दवाइयों की पैकिंग के लिए गत्ता उद्योग को चलाने की अनुमति दी गई है। जोहड़ों में गत्ता उद्योग में शनिवार देर शाम कार्य करते वक्त राजबीर मशीन की चपेट में आ गया। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद तुरंत कालाअंब पुलिस थाने में सूचना दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पुलिस थाना कालाअंब प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।