रक्षाबंधन के दिन बहनों ने जहां सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा का फायदा उठाया। वहीं कई स्थानों पर सरकारी बसों में भीड़ होने के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। कुफरी, फागू सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को बसों के भीतर भीड़ होने के कारण मजबूरन बस की छत पर सफर कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
सुबह से ही ग्रामीण रूटों पर चलने वाली निगम की सरकारी बसों में महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जबकि निजी बसों में भी तिल धरने तक की जगह नहीं थी। फागू, कुफरी, छराबड़ा आदि बस स्टॉपेज पर सुबह से ही महिलाओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
लेकिन लंबी दूरी की बसों के इन स्टॉपेज पर न रुकने से घंटों सवारियों को इंतजार करना पड़ा। इस कारण लोकल रूटों पर चलने वाली बसों में भीड़ रही। फागू में बस का इंतजार कर रही महिलाओं में रमा, संगीता, शान्ता, शालिनी, विमला देवी, सुभद्रा, निकिता और प्रतिभा वर्मा आदि ने बताया कि लंबी दूरी की बसों के स्टापेज पर न रुकने के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। उधर, ग्रामीण इलाकों में भी रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया गया और बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना की।