हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड
- फोटो : अमर उजाला
अप्रैल माह में होने वाली हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड परीक्षाओं में 52 परीक्षा केंद्रों का जिम्मा महिलाओं के हवाले होगा। इस दौरान महिला कर्मचारी ही अधीक्षक और उपाधीक्षक के रूप में नियुक्त होंगी। स्कूल शिक्षा बोर्ड ने यह जिम्मेदारी देश की प्रथम महिला शिक्षिका एवं महान समाजसेवी सावित्रीबाई फुले को सम्मान देने के लिए उनके नाम से बनाए गए सावित्रीबाई फुले महिला परीक्षा केंद्र में संभालेंगी।
इसके लिए बोर्ड ने प्रदेश भर में 52 परीक्षा केंद्र बनाए हैं, जिनमें बिलासपुर जिला में पांच, चंबा में दो, हमीरपुर में छह और जिला कांगड़ा में सबसे अधिक 13 परीक्षा केंद्रों को महान समाजसेविका के नाम किया है। इसके अलावा कुल्लू में दो, मंडल में चार, शिमला में छह और सिरमौर में तीन परीक्षा केंद्रों के नाम सावित्रीबाई फुले के नाम पर रखे गए हैं। वहीं सोलन में पांच और ऊना जिला में पांच परीक्षा केंद्रों का नामकरण सावित्रीबाई फुले महिला परीक्षा केंद्र दिया गया है। इन परीक्षा केंद्रों की पूरी जिम्मेदारी महिला शिक्षकों और कर्मचारियों को सौंपने का प्रयास किया जा रहा है। अगर महिला शिक्षक और कर्मचारी पूरे नहीं होते तो वहां पर पुरुष शिक्षकों और कर्मचारियों को तैनात किया जा सकता है।
देश की प्रथम शिक्षिका एवं महान समाजसेवी सावित्रीबाई फुले को सम्मान देने के उद्देश्य से प्रदेश भर में 52 परीक्षा केंद्रों को नाम सावित्रीबाई फुले महिला परीक्षा केंद्र रखा गया है। यहां पर अधीक्षक और उपाधीक्षक के रूप् में केवल महिला प्रवक्ता व अध्यापकों को ही नियुक्त किया जाएगा।
- डॉ. सुरेश कुमार सोनी, अध्यक्ष, स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला।