नशे और चिट्टे के खिलाफ छेड़े अभियान में शामिल महिलाएं अब जंगल की आवाज भी बन रही हैं। भाटगढ़ पंचायत के धारला महिला मंडल ने वन काटुओं के खिलाफ मोर्चा खोला है। देर रात महिलाओं को पता चला कि जंगल में अवैध कटान चल रहा है। महिलाओं ने टोली बनाई और रात के अंधेरे में जंगल पहुंच गई। बताया जा रहा है कि 15 से 18 वन काटु वहां कटान कर रहे थे। महिलाओं ने हिम्मत नहीं हारी और वन काटुओं को कटान करने से रोका। वन काटु जंगल से लकड़ी काटकर ले जा रहे थे। सभी महिलाओं के विरोध के आगे इन्हें झुकना पड़ा। महिलाओं से माफी मांगने के लिए विवश होना पड़ा। महिला मंडल ने भविष्य में कटान नहीं करने की चेतावनी देते हुए वन काटुओं को इस बार जाने दिया।
विज्ञापन
बदले में महिला मंडल ने वन काटुओं से 1500 रुपये का जुर्माना वसूल किया। महिला मंडल की प्रधान गिट्टो देवी, सचिव विद्या देवी समेत तारा, कविता, शीला, मांगी, पूजा, चंपा, कीर्ति और गीता ने मिलकर यह कार्रवाई की। वन काटुओ से लकड़ी और औजार भी अपनी कब्जे में ले लिए। महिला मंडल की सचिव विद्या देवी ने बताया कि बांदिल और कोफर गांव के कुछ लोग उनके जंगल से अवैध तरीके से लकड़ी और घास पत्ती काट कर ले जा रहे थे। सूचना मिलते ही उन्होंने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। महिला मंडल ने छह साल से जंगलों और वन संपदा को संरक्षित और सुरक्षित रखने का बीड़ा उठा रखा है।