आमतौर पर थानों में ड्यूटी देने वालीं महिला पुलिस कर्मी अब शहर की ट्रैफिक को कंट्रोल कर रही हैं। चेहरे पर कोई शिकन नहीं। घंटों महिला ट्रैफिक कांस्टेबल शहर की सड़कों पर आपको ट्रैफिक व्यवस्थित करतीं हुईं नजर आएंगी। इस ड्यूटी को लेकर इनमें गजब का उत्साह देखा जा सकता है। इनकी नजरें दोनों तरफ से आ रही गाड़ियों से लग रहे जाम को व्यवस्थित कर रही हैं।
ठंड हो, तेज धूप हो या बारिश ये हरदम अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद नजर आती हैं। सिर पर सफेद हैट, रिफ्लेक्टिव जैकेट, दस्तानें और वायरलेस वॉकी-टॉकी से ट्रैफिक विंग ने इन्हें लैस किया है। अंधेरे में गाड़ियों की लाइट पड़ने से रिफ्लेक्टिव जैकेट चमक उठता है। यह आरक्षियों को यातायात सुचारु रखने में सहायक है। स्कूलों के खुल जाने और विधानसभा सत्र के शुरू हो जाने के बाद शहर में लगातार जाम की समस्या बनी रहती है।
शहर की सड़कों पर जाम से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने दर्जनों महिला आरक्षी तैनात की हैं। बुधवार को ‘अमर उजाला’ की टीम ने ड्यूटी पर तैनात ऐसे कुछ महिला आरक्षी से जानने की कोशिश की कि इस चुनौतीपूर्ण ड्यूटी को कैसे निभा पाती हैं। जिसमें घंटों खड़े रहकर शहर की यातायात व्यवस्था का देेखना पड़ता है।