लोक चेतना मंच यूको आरसेटी कर रहा है सहयोग संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी के टुटू स्थित बनूटी में महिलाएं मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण पाकर स्वरोजगार की ओर बढ़ रही हैं। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम लोक चेतना मंच यूको आरसेटी के सहयोग से चल रहा है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र की 35 महिलाएं मशरूम उत्पादन सीख रही हैं।
दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत महिलाओं को विभिन्न प्रजातियों के मशरूम उत्पादन और उनके इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षक ममता देवी महिलाओं को बटन मशरूम (खुंब), ओसटन मशरूम (डिंगरी), छिटोक मशरूम (सीप), मित्की मशरूम (दुधिया) और पैरा मशरूम (प्राली) उगाने का प्रशिक्षण दे रही हैं। उन्होंने बताया कि इनडोर मशरूम उत्पादन फायदेमंद है। इससे 90 दिन में दोगुना फायदा हो सकता है। इसके इनडोर उत्पादन से प्राकृतिक आपदाओं से या जंगली जानवरों से कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इनमें से कई प्रजातियां ऐसी हैं जिन्हें कई बीमारियों के उपचार में उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इनडोर मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण में मशरूम उत्पादन की प्रक्रिया और तैयारी सिखाई जा रही है। प्रशिक्षण ले रही महिला भानू ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से उन्हें भविष्य में रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही आरती ने बताया कि उन्हें मशरूम उत्पादन के सभी चरण सिखाए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम के बाद वह अपने घर में उत्पादन कर स्वरोजगार पाना चाहती हैं।