छत्तीसगढ़ का मामला अभी सुर्खियों में ही है लेकिन फिर भी यहां अस्पताल प्रबंधन ने कुछ ऐसी ही लापरवाही बरती। नसबंदी के बाद महिलाओं को जमीन पर ही लिटा दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर में परिवार नियोजन शिविर में ऑपरेशन के दौरान लापरवाही उजागर हुई। अस्पताल प्रबंधन ने ऑपरेशन के बाद महिलाओं को जमीन पर ही सुला दिया।
भारी ठंड के बावजूद महिलाओं को जमीन पर कंबल पर ही सुला दिया जो विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की ओर से उन्हें कोई भी गद्दा और कंबल नहीं दिया गया। उन्होंने खुद ही सभी इंतजाम किया। जानकारी के अनुसार मंडी से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 29 महिलाओं के ऑपरेशन किए।
दिया जांच का आश्वासन
सीएमओ मंडी भी धर्मपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा करने आए थे लेकिन इस संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठा पाए हैं। मरीजों के साथ आए तीमारदारों में कुलदीप, रणजीत, हल्कू राम, संजय, दिप, प्रभी देवी, रामदेई आदि ने बताया कि उन्हें अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई गद्दा व कंबल नहीं दिया गया।
धर्मपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में केवल 14 बिस्तर है जबकि परिवार नियोजन शिविर में करीब 29 लोगों के ऑपरेशन हुए। उधर, इस संबंध में सीएमओ मंडी देशराज शर्मा ने बताया कि सभी मरीजों को गद्दे व व कंबल दिए गए हैं। फिर भी ऐसा हुआ है तो इसकी जांच की जाएगी।