बंद कमरे में कोयले की गैस के कारण महिला की मौत हो गई, जबकि छह माह का बच्चा टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। महिला के पति को सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। हालांकि पुलिस मौत के असल कारणों को पुख्ता करने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। महिला की पहचान सपना (23) पत्नी बबलू निवासी गांव कथियाडू पंचायत काहरी के रूप में हुई है।
सभी परिवजन वीरवार रात को अपने कमरे में अंगीठी में कोयले जलाकर सोए थे। शनिवार सुबह तीनों बेसुध हालत में कमरे में पड़े थे। परिजनों ने अपने स्तर पर उन्हें उठाने का प्रयास किया। महिला के पति को तो होश आ गया, लेकिन महिला की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने इसकी सूचना महिला के मायके वालों को दे दी। साथ ही बच्चे को उपचार के लिए सिविल अस्पताल चुवाड़ी पहुंचाया, जहां से उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही चुवाड़ी थाना से पुलिस टीम रात को कथियाडू गांव पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल चुवाड़ी पहुंचाया। महिला के पति को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने इस मामले में मायका पक्ष के बयान लिए हैं। अचानक हुई महिला की मौत को लेकर मायका पक्ष हैरान है। इसलिए पुलिस इस मामले में निष्पक्ष जांच करने के लिए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। महिला के शरीर से बिसरे का सैंपल लेकर फोरेंसिक लैब धर्मशाला भेजा गया है, जहां से रिपोर्ट आने पर पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।
पुलिस उप अधीक्षक डलहौजी हेमंत ठाकुर ने बताया कि यह प्रारंभिक जांच में यह हादसा कोयले की गैस में हुआ नजर आ रहा है। पुलिस इस मामले में पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। उस रिपोर्ट में महिला की मौत के कारणों का सही पता लगेगा।