हिमाचल में कोरोना महामारी ने छठी जान ले ली। आईजीएमसी शिमला में भर्ती हमीरपुर की किडनी रोगी कोरोना संक्रमित 58 साल की महिला ने बुधवार को दम तोड़ दिया। आइजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनक राज ने इसकी पुष्टि की। प्रदेश में अब तक चार किडनी रोगी कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है प्रोटोकॉल के तहत शव की अंत्येष्टि की जाएगी। वहीं प्रदेश भर में बुधवार को सेना के जवान समेत 9 और कोरोना मरीज सामने आए हैं, जबकि 15 मरीज ठीक भी हुए हैं।
आईजीएमसी में जिस किडनी रोगी कोरोना संक्रमित महिला की मौत हुई, उसे सांस की समस्या होने के बाद पांच जून को आईजीएमसी लाया गया था। इस बीच महिला की हालत बिगड़ती गई और डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर पर रखा। मंगलवार को अस्पताल में दूसरी बार उसका डायलिसिस भी किया, लेकिन बुधवार दोपहर बाद महिला की मौत हो गई।
उधर नए आए कोरोना मरीजों में दिल्ली से सिरमौर के पांवटा पहुंचा सेना का जवान और आरिसन फार्मा उद्योग में तैनात एक महिला पॉजिटिव आई है। इस उद्योग से पहले भी 8 लोग पॉजिटिव आ चुके हैं। इसके अलावा दिल्ली से लौटे कांगड़ा जिले के बंडियां खोपा के युवक और द्रुग बैजनाथ के अधेड़ की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली, जबकि दिल्ली से लौटी देहरा के नौशेरा की अधेड़ महिला भी संक्रमित हुई है। उधर सोलन जिले के नालागढ़ में दिल्ली से पहुंचा बिहार का व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित पाया गया है।
उक्त व्यक्ति बीबीएन में एक उद्योग में बतौर फार्मासिस्ट तैनात है। ऊना में दो दिल्ली और एक असम से लौटा व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। प्रदेश में बुधवार को कोरोना को मात देने वाले 15 मरीजों में हमीरपुर के 10 , कांगड़ा-मंडी-कुल्लू का एक-एक और चंबा के दो मरीज शामिल हैं। प्रदेश में अब तक 454 मरीज आ चुके हैं, जिनमें 181 एक्टिव केस हैं।