हमीरपुर। प्रदेश सरकार की ओर से निजी बस ऑपरेटरों को दिए आश्वासनों पर कार्रवाई न होने से खफा जिले के बस ऑपरेटर 10 जून से बसें नहीं चलाएंगे। इस संदर्भ में हमीरपुर निजी बस ऑपरेटर यूनियन ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर को पत्र भेजकर नाराजगी जताई है।
निजी बस ऑपरेटर यूनियन हमीरपुर के उपाध्यक्ष विजय ठाकुर, मनोज कुमार, विजय कुमार, सचिव राज कुमार, सुरेश कुमार, संजय साहिल, रमेश गौतम और मनोज कानूनगो ने कहा कि सरकार के आदेश पर आपरेटरों ने 1 जून से बसों का संचालन शुरू कर दिया। 8 दिन लगातार बसें चलाने से आपरेटरों को घाटा हुआ है। इन 8 दिनों में सरकार द्वारा निजी आपरेटरों को दिए आश्वासनों पर कोई कार्यवाही नहीं की गई है।
आश्वासनों में 50 फ़ीसदी किराया वृद्धि, बस अड्डा एंट्री टैक्स माफ करना, 40 फीसदी खाली सीटों पर सरकार द्वारा अनुदान देना, न्यूनतम किराया 10 रुपये करना और बसों का बीमा 60 फीसदी सीटों के तहत करना शामिल है। सरकार द्वारा इन आश्वासनों पर कोई कार्रवाई ना करने की स्थिति में अब निजी बस ऑपरेटर 10 जून से अपनी बसों का संचालन करने में असमर्थ हैं।