लाहौल घाटी में वन्यजीवों और पक्षियों पर शोध कर रहे अमीर जस्पा वन्य जीव-जंतुओं की खोज में काफी संघर्षरत हैं। लोक निर्माण विभाग में सेवारत जसरथ गांव के अमीर ने 30 अगस्त से सात सितंबर के बीच 11 भालुओं को अपने गांव के समीप लगाए ट्रैप कैमरे में कैद किया है। अमीर अभी तक हिमालयन थार, आईबैक्स, हिमालयन घोरल, बर्फानी तेंदुआ, काला एवं भूरा भालू के साथ 100 अधिक विभिन्न प्रजाति के पक्षियों को अपने कैमरे में कैद कर चुके हैं। शोधार्थी अमीर जस्पा ने लोगों से वन्यजीवों के साथ छेड़छाड़ न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अब सर्दी दस्तक दे रही है, ऐसे में नवंबर, दिसंबर में पहाड़ों में बहते झरने जम जाते हैं और वन्य जीव-जंतु प्यास बुझाने के लिए रिहायशी इलाकों का रुख करते हैं। उधर, वनमंडलाधिकारी लाहौल दिनेश शर्मा ने कहा कि लाहौल में दशकों पहले से शिकार का कोई भी मामला पुलिस व वन विभाग के पास नहीं है।