धाली पंचायत के लोगों ने पेश की मिसाल, खस्ताहाल सड़क से परेशान हैं ग्रामीण, तीन किमी तक कार्य पूरा
विज्ञापन
शेष चार किमी सड़क भी की जाएगी दुरुस्त संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। सरकारी बजट का इंतजार करते-करते थक चुके धाली पंचायत के लोगों ने सड़क की बदहाली दूर करने के लिए खुद ही कमान संभाल ली। जुन्गा तहसील की पंचायत धाली के लोगों ने श्रमदान से शिल्ली से नीन तक सड़क की मरम्मत कर सामूहिक सहयोग और जनभागीदारी की मिसाल पेश की है।
सात किलोमीटर लंबी इस सड़क के तीन किलोमीटर से अधिक हिस्से को ग्रामीणों ने अपने श्रम और सहयोग से दुरुस्त कर दिया है। खास बात यह है कि इसके लिए ग्रामीणों ने सरकारी धनराशि का इंतजार करने के बजाय स्वयं आगे आकर जिम्मेदारी उठाई। इस अभियान में पंचायत प्रधान अनोखी राम, उपप्रधान देवेंद्र शर्मा, सहकारी सभा के सचिव अमर सिंह ठाकुर सहित धाली बागड़ा, शिल्ली और पनीसेर गांव के ग्रामीण बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। पिछले चार दिन से ग्रामीण लगातार श्रमदान कर सड़क पर मिट्टी और पत्थर डालकर गड्ढे भरने और मार्ग को आवागमन योग्य बनाने में जुटे हैं। सामूहिक प्रयासों से अब तक तीन किलोमीटर से अधिक सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। शेष हिस्से को भी दुरुस्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
पंचायत प्रधान अनोखी राम ने बताया कि धाली हाल ही में नई पंचायत बनी है, लेकिन अभी तक पंचायत को रास्तों और एंबुलेंस सड़कों की मरम्मत के लिए कोई धनराशि उपलब्ध नहीं हुई है। शिल्ली से नीन सड़क लंबे समय से खस्ताहाल थी। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही थी। उन्होंने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए सरकारी धनराशि उपलब्ध नहीं होने के कारण समस्या बनी हुई थी। ऐसे में सहकारी सभा के सचिव अमर सिंह ठाकुर ने ग्रामीणों को श्रमदान के लिए प्रेरित किया। इसके बाद सभी ने मिलकर अपने स्तर पर सड़क सुधारने का निर्णय लिया। प्रधान ने बताया कि शिल्ली से नीन सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों ने शिल्ली से चलोग पजाल तक सड़क को दुरुस्त करने का संकल्प लिया है। इस अभियान में भाग लेने वाले ग्रामीणों के लिए मौके पर ही भोजन आदि की व्यवस्था भी की जाएगी।