शिमला जिले में 14 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में होती है गेहूं की बिजाई, खेतों में नमी न होने से संकट में दिक्कत
विज्ञापन
जिले में ज्यादातर कृषि भूमि बारिश पर है निर्भर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिले में काफी समय से बारिश न होने के कारण किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। बारिश के अभाव में किसान खेतों में गेहूं की बिजाई नहीं कर पा रहे हैं।
खेतों में पर्याप्त नमी न होने से बिजाई का काम रुका हुआ है। जिले में करीब 14 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की खेती की जाती है, लेकिन बारिश न होने से किसान खेतों में बीज डालने की स्थिति में नहीं हैं। अक्तूबर में होने वाली बिजाई का समय भी निकलने लगा है। ऐसे में किसान अब आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। जिले में अधिकांश किसान खेती के लिए बारिश पर निर्भर हैं। सिंचाई की पर्याप्त सुविधा न होने के कारण खेतों में नमी बनाए रखना भी किसानों के लिए चुनौती बना हुआ है। अच्छी बारिश न होने से खेत सूखे पड़े हैं। किसानों ने खरीफ की फसल निकालने के बाद खेत गेहूं की बिजाई के लिए तैयार कर दिए थे, लेकिन बारिश न होने से पूरा कृषि शेड्यूल प्रभावित हो गया है। किसानों को चिंता सता रही है कि अगर अब भी बारिश नहीं हुई तो गेहूं की बिजाई में और देरी होगी जिसका असर फसल की पैदावार पर पड़ सकता है।
गौरतलब है कि जिला कृषि विभाग के पास इस बार करीब 700 क्विंटल गेहूं के बीज की मांग आई है। विभाग ने इसमें से करीब 500 क्विंटल बीज विभिन्न केंद्रों पर आवंटित कर दिया है। किसान बीज लेने में रुचि दिखा रहे हैं, लेकिन खेतों में पर्याप्त नमी न होने से बिजाई नहीं कर पा रहे हैं। किसानों का कहना है कि बारिश होने के बाद ही खेतों में गेहूं की बिजाई संभव हो पाएगी।
जिले के नालहट्टी क्षेत्र के रहने वाले किसान पंकज, विजय शंकर और सुनील कुमार ने बताया कि बारिश न होने से किसान परेशान हैं। उनका कहना है कि जिन खेतों में सिंचाई की सुविधा है, वहां सिंचाई कर बिजाई की जा रही है। हालांकि समय पर बारिश नहीं हुई तो इन खेतों में भी उत्पादन प्रभावित हो सकता है। वहीं ज्यादातर खेत ऐसे हैं, जहां बारिश के बाद ही बिजाई संभव हो पाती है। ऐसे में खेतों में नमी न होने के कारण गेहूं की बिजाई का काम रुका हुआ है। समय पर बारिश नहीं हुई तो बिजाई का समय और आगे खिसक जाएगा।