राजधानी के लोअर बाजार में अतिक्रमण पर हो रही मॉक ड्रिल महज औपचारिकता बनकर रह गई है। बाजार में वीरवार को भी दमकल विभाग की टीम ने वाहन सहित मॉक ड्रिल की लेकिन टीम के जाते ही बाजार में फिर से दुकानें सज गईं। इसका जायजा लिया संवाददाता ने। पेश है लाइव रिपोर्ट :-
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। समय दोपहर : 12:15 बजे। दिन : वीरवार। स्थान : लोअर बाजार शिमला। सड़क के दोनों ओर सामान बेचने के लिए रखा है। इससे आम लोगों को पैदल चलने में दिक्कत हो रही है।
अचानक बाजार में अफरातफरी मच जाती है। कुछ तहबाजारी सामान उठाकर गलियों की तरफ भाग गए और दुकानदार सड़क की तरफ रखे सामान को अंदर समेटना शुरू करते हैं। लोगों ने बताया कि दमकल विभाग की टीम अतिक्रमण को लेकर मॉक ड्रिल करने वाहन सहित बाजार में आ रही है। मॉक ड्रिल का मकसद आपात परिस्थितियों में दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने के लिए तैयार रखना है लेकिन अतिक्रमण के चलते वाहन को सड़क से गुजरने में दिक्कत हो रही है। दमकल वाहन के आगे दो कर्मचारी चलकर तहबाजारियों और दुकानदारों से सड़क रखा सामान हटवाते हैं। इसके बाद वाहन आगे बढ़ पाता है। दमकल वाहन के गुजरते ही फिर से बाजार में सामान सड़कों पर सज जाता है।
अग्निशमन विभाग का दमकल वाहन माॅक ड्रिल के लिए सीटीओ चौक से लोअर बाजार होते चलाया गया। हर रोज की तरह वाहन के आगे विभाग के दो कर्मचारी लोगों सहित सड़क पर रखे सामान को हटाने का आग्रह करते रहे। सामान हटते ही दमकल वाहन आगे बढ़ता रहा और उसके गुजरते ही फिर से सड़कों पर दुकानें सज गईं तथा दुकानदारों ने भी अपना सामान फिर से बाहर रखना शुरू कर दिया। लोअर बाजार से होते हुए दमकल वाहन दोपहर 12:20 बजे सब्जी मंडी पहुंचा। यहां वाहन की छत कुछ समय के लिए ऊपर से गुजर रही तारों में फंस गई लेकिन कुछ ही देर में आगे की ओर बढ़ गई। 12:25 बजे दमकल वाहन शेरे पंजाब पहुंच गया। लोअर बाजार से गुजरने में इस दौरान गाड़ी को 10 मिनट का समय लगा।
लोअर बाजार में उपायुक्त कार्यालय से लेकर शेरे पंजाब तक कई जगह सड़क के दोनों और बिजली तार हैं, जिसमें आए दिन दमकल वाहन फंस जाता है। इसको लेकर अग्निशमन विभाग की ओर से रिपोर्ट भी संबंधित विभागों को भेजी गई लेकिन इसका स्थायी समाधान आज तक नहीं हो सका है। उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद अग्निशमन विभाग को प्रतिदिन लोअर बाजार में मॉक ड्रिल करने के आदेश दिए हैं, ताकि आपातकालीन स्थिति में दमकल वाहन को आसानी से बाजार के बीच तक पहुंचाया जा सके लेकिन विभाग की यह मॉक ड्रिल महज औपचारिकता बनकर रह गई है।
मुस्तैदी से काम करे विभाग
बाजार में खरीदारी करने के लिए आए ओम प्रकाश और चंपा शर्मा ने बताया कि विभाग की मॉक ड्रिल केवल औपचारिकता है। दमकल वाहन गुजरते ही बाजार में दोबारा पहले जैसी ही स्थिति हो जाती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मॉक ड्रिल को लेकर सभी विभाग मुस्तैदी से काम करें और बाजार में दमकल वाहन के लिए हर समय जगह रखी जाए। इससे आग जैसी घटना होने पर बचाव कार्यों को शुरू करने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।