पिछले हफ्ते मानसून की बेरुखी के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से मानसून फिर सक्रिय हो जाएगा।
विभाग के अनुसार 14 से 18 जुलाई तक प्रदेश भर में बारिश का पूर्वानुमान है। 15 जुलाई यानि मंगलवार को शिमला, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा और मंडी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
ऐसे में बागवानों और किसानों को उम्मीद है कि सूखे की भरपाई इस हफ्ते हो जाएगी। साेमवार को प्रदेश के अधिकतर इलाकों में मौसम साफ रहा और गर्मी व उमस से लोगों को जूझना पड़ा। बिलासपुर, ऊना, मनाली, भुंतर, कल्पा में मौसम साफ रहा और तापमान भी अधिक रहा।
ऊना का अधिकतम तापमान 38.7, नाहन 30.8, भुंतर 35.0, सुंदरनगर 32.5, कांगड़ा 31.5, नाहन 30.8, सोलन 28.0, कल्पा 25.2 और शिमला का अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि 15 जुलाई से प्रदेश भर में फिर से मौसम खराब होगा और बारिश होगी। मानसून के फिर से सक्रिय होने से मैदानी इलाकों में चल रही गर्मी से फिर राहत मिलेगी।