प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में रविवार को भी बादल बरसेंगे। मौसम विज्ञान केंद्र ने मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों लाहौल स्पीति, किन्नौर और मंडी, कुल्लू, चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश, बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जताया है।
मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। सोमवार से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। किसी भी क्षेत्र में भारी बारिश, बर्फबारी होने की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग ने 22 से 26 फरवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की बात कही है।
उधर, शनिवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और अन्य क्षेत्रों में बारिश होने के बावजूद तापमान में अधिक कमी दर्ज नहीं की गई है। शनिवार को नाहन में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शिमला और धर्मशाला में अधिकतम तापमान 17.2, सोलन, ऊना में 23, कांगड़ा में 22, हमीरपुर, बिलासपुर में 21 और कल्पा में 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान शिमला में 8.4, सुंदरनगर में 11.3, भुंतर में 9.4, कल्पा में 1 और केलांग में माइनस 0.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कुल्लू जिला के रोहतांग में शनिवार को करीब दो फीट बर्फबारी रिकार्ड की गई। सोलंगनाला, कोठी और आस-पास के क्षेत्रों में भी सात इंच तक बर्फबारी दर्ज की है। राजधानी शिमला में शनिवार की सुबह बारिश से हुई। कुछ देर धूप लगने के बाद फिर मौसम बदला, जोरदार बारिश हुई।
करीब दस बजे मौसम पूरी तरह से साफ हो गया। दोपहर बाद करीब पांच बजे शिमला में फिर बारिश हुई। बिलासपुर जिला में शुक्रवार रात भर बारिश हुई। शनिवार को आसमान में बादल छाए रहे। सोलन में सुबह के समय हल्की बारिश हुई। इसके बाद मौसम साफ हो गया। चंबा में मूसलाधार बारिश व ऊपरी क्षेत्रों भरमौर, होली, पांगी, तीसा, सलूणी व पर्यटन नगरी डलहौजी और खजियार की पहाड़ियों में ताजा हिमपात हुआ है।
कांगड़ा जिले में शुक्रवार रात को हुई बारिश और पहाड़ों में ताजा हिमपात से ठंड बढ़ गई गई। वहीं, नूरपुर उपमंडल के गंगथ कस्बे के निकट स्माल गांव में बिजली गिरने से शुक्रवार रात को करीब 37 भेड़-बकरियों की मौत हो गई है। अन्य कहीं से नुकसान की सूचना नहीं है। कंडाघाट में 45, मनाली में 41, भुंतर में 33, कल्पा में 27, धर्मशाला में 18, डलहौजी, रिकांगपिओ में 16, रोहड़ू में 15, हमीरपुर में 14, शिमला में 13 और पालमपुर, सुजानपुर में 10 सेंटीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।