राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के कुछ भागों समेत उत्तर भारत के ज्यादतर इलाकों में शुक्रवार को धूप में नरमी तो रही, लेकिन पारा कुछ चढ़ा। दिल्ली में 15 दिन बाद न्यूनतम तापमान दो अंकों में पहुंचा। लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों की नहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार हिमाचल प्रदेश और जममू-कश्मीर में भारी बर्फबारी हुई है और हवा चलने के बाद मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ेगी और नए साल पर पारा कम से कम तीन से पांच डिग्री सेल्सियस लुढ़केगा।
आईएमडी ने अगले चार-पांच दिन के दौरान पूरे इलाके में घने कोहरे की भी संभावना व्यक्त की है। एक जनवरी से पश्चिमोत्तर भारत में एक बार फिर शीतलहर चलेगी। दिल्ली में न्यूयनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री ऊपर है। इस महीने का यह सबसे अधिक न्यूयनतम तापमान भी है।
अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ऊपर 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री, हरियाणा के करनाल में 9.2, नारलौल में 9.5, अंबाला में 10.8 और रोहतक में 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब के मोहाली में 11.1, मुक्तसर में 10, जालंधर में 10.8 और लुधियाना में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा और अमृतसर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5 और 6.4 डिग्री सेल्सियस ही रहा।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते फिलहाल ठंड से राहत मिली है। लेकिन एक बार जब पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव खत्म होाग तो नए साल की शुरुआत से दिल्ली समेत उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में ठंड बढ़ेगी और शीतलहर चलेगी।