हिमाचल प्रदेश में 14 साल बाद मार्च में सबसे कम बादल बरसे हैं। मार्च में केलांग, कांगड़ा, धर्मशाला, सोलन, मनाली और शिमला में गर्मी ने कई रिकॉर्ड तोड़े हैं। शुक्रवार को भी प्रदेश के मैदानी और मध्य पर्वतीय जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। चार अप्रैल तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। गुरुवार को ऊना में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मार्च के दौरान प्रदेश में इस वर्ष सामान्य से 95 फीसदी कम बारिश हुई है। इससे पूर्व वर्ष 2008 में सामान्य से 96 फीसदी कम बारिश मार्च में दर्ज हुई थी।
अभी तक वर्ष 2004 के दौरान सबसे कम सामान्य से 99 फीसदी कम बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आने वाले दिनों में पारा और अधिक चढ़ने की संभावना जताई है। मैदानी जिलों में दिन के साथ-साथ रात को भी गर्मी बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पहाड़ी क्षेत्र भी अब पूरी तरह से तपने लगे हैं। गुरुवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 36.5, हमीरपुर में 35.6, सुंदरनगर में 35.0, कांगड़ा में 34.4, सोलन में 33.2, धर्मशाला में 33.0, भुंतर में 32.4, चंबा में 32.1, नाहन में 31.9, मनाली में 25.0, शिमला में 24.9, डलहौजी में 21.1, कल्पा में 20.9 और केलांग में 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अधिकतम तापमान
शहर नया रिकॉर्ड पुराना रिकॉर्ड
केलांग 17.9 डिग्री (30 मार्च 2022) 17.5 डिग्री (31 मार्च 2018)
कांगड़ा 34.8 डिग्री (30 मार्च 2022) 34.1 डिग्री (31 मार्च 2017)
सोलन 33.1 डिग्री (30 मार्च 2022) 33.0 डिग्री (30 मार्च 2021)
धर्मशाला 33.2 डिग्री (29 मार्च 2022) 31.6 डिग्री (29 मार्च 2010)
मनाली 27.5 डिग्री (22 मार्च 2022) 27.0 डिग्री (17 मार्च 2004)
न्यूनतम तापमान
शहर नया रिकॉर्ड पुराना रिकॉर्ड
शिमला 18.0 डिग्री (17 मार्च 2022) 16.5 डिग्री (22 मार्च 2010)
कांगड़ा 19.5 डिग्री (18 मार्च 2022) 19.4 डिग्री (20 मार्च 2012)