हिमाचल में 17 दिसंबर से फिर मौसम बिगड़ेगा। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। 18 दिसंबर को भी बर्फ बारी की संभावना है। 19 दिसंबर को मौसम साफ बताया गया है।
20 दिसंबर को दोबारा उच्च पर्वतीय क्षेत्रों लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू और मंडी जिला के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पहले 16 दिसंबर से मौसम खराब होने की संभावना जताई थी। अब 16 तक मौसम साफ रहने की बात कही गई है।
केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कल्पा में माइनस 2.4 और मनाली में माइनस 3.6 डिग्र्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र का अनुमान है कि 18 दिसंबर के बाद हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।
उधर, प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी रिकॉर्ड की गई है। सोमवार को शिमला में अधिकतम तापमान 12.4, धर्मशाला में 14.8, ऊना में 19.6, डलहौजी में 4.2, मनाली में 9.4 और मंडी में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।