हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से प्रदेश में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। बीते पांच दिनों से गर्म चल रहे प्रदेश के मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार को रोहतांग मढ़ी, मकरवे, शिकरवे, फ्रेंडशिप और साथ लगते क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। कबायली क्षेत्र भरमौर और होली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों और लाहौल घाटी में भी बर्फ गिरी है।
मनाली में बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है। हिमाचल के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मंगलवार को बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार मंगलवार को लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा, कुल्लू, मंडी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होगी।
छह जनवरी को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। सात को दोबारा उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी का पूर्वानुमान है। आठ और नौ जनवरी को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के अलावा मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, चंबा, मंडी, कुल्लू में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
उधर, सोमवार को प्रदेश भर में मौसम खराब रहा। राजधानी शिमला सहित अन्य जिलों में सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। मौसम के बदले मिजाज से पर्यटन से जुड़े कारोबारियों ने बड़ी राहत ली है।