गिरि-गुम्मा में गाद के चलते बुधवार सुबह बाधित रही शहर के लिए पानी की आपूर्ति
बैनमोर के पास पाइपलाइन टूटने से छोटा शिमला जोन में बिगड़ा शेड्यूल, कंपनी का दावा-आज से मिलेगी राहत
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के कई इलाकों में पेयजल शेड्यूल फिर गड़बड़ा गया है। शहर के खलीनी, कनलोग समेत कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति चौथे दिन में पहुंच गई है। गिरि और गुम्मा में गाद आने के कारण शहर के अन्य इलाकों में भी बुधवार को पेयजल आपूर्ति बाधित रही।
हालांकि राहत की बात यह है कि बुधवार शाम से ही दोनों परियोजनाओं से शहर के लिए पानी की आपूर्ति सुचारु हो गई है। ऐसे में वीरवार को ज्यादातर इलाकों में तय शेड्यूल के अनुसार पानी देने का दावा किया गया है। पेयजल कंपनी के अनुसार भारी बारिश के कारण गिरि और गुम्मा में बुधवार सुबह गाद आ गई। इसके चलते दोपहर तक पंपिंग बाधित रही। वहीं, छोटा शिमला जोन के बैनमोर में मुख्य पाइपलाइन टूटने के कारण इस जोन के जल भंडारण टैंक खाली रहे। दो दिन की मशक्कत के बाद पेयजल लाइन की मरम्मत कर ली गई है। अब इस जोन के टैंकों को पानी से भरा जा रहा है। कनलोग क्षेत्र में बुधवार सुबह चौथे दिन भी लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ा। हालांकि बाद में कंपनी ने इस इलाके में पानी दे दिया। कंपनी का दावा है कि शहर के ज्यादातर इलाकों में अब पानी की आपूर्ति सुचारु हो गई है। बारिश के कारण शेड्यूल बिगड़ा है। अब वीरवार से दोबारा पेयजल व्यवस्था पटरी पर लौटने की उम्मीद है। वीरवार को 40 एमएलडी से ज्यादा पानी शहर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।