रोहड़ू। ब्रासली पंचायत के कनेवरा गांव में 3 साल से पीने के पानी की समस्या है। कनेवरा में 50 से अधिक बस्तियां हैं। इसमें 300 से अधिक लोग रहते हैं। पानी का यह हाल है कि लोगों को सप्ताह में 2 बार ही पानी मिल पाता है। वह भी 2 घंटे।
इस संबंध में गांव का प्रतिनिधिमंडल कई बार विभाग के अधिकारियों से भी मिल चुका है लेकिन लोगों की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। नल में चौथे दिन पानी आ रहा है। वह भी मात्र 2 घंटे मिलने से उन्हें समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को बड़ी कठिनाई से पीने के लिए पानी का जुगाड़ करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा समस्या पशुओं के लिए पानी की हो रही है। लोगों को गाड़ियों में पानी लाना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी कुलदीप सिंह, बलवीर सिंह, प्रताप ठाकुर, हंसराज झामटा, ज्ञान ठाकुर और उत्तम सिंह ने कहा कि कनेवरा खड्ड से 4.25 करोड़ से उठाऊ पेयजल की योजना पर काम चल रहा है। यह योजना भी कई साल से निर्माणीधीन है। इस बारे में जन प्रतिनिधियों से मांग की गई लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
4.25 करोड़ से बनेगी पेयजल योजना
जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता नितिश महंत ने कहा कि कनेवरा के लिए जिस स्रोत से पानी की आपूर्ति हो रही है, वहां पर पानी काफी कम है। बड़ी कठिनाई से लोगों को पानी दिया जा रहा है। पानी की समस्या को देखते हुए कनेवरा के लिए 4.25 करोड़ से उठाऊ पेयजल योजना तैयार की जा रही है। इस काम में लगे ठेकेदार को डिफाल्डर घोषित किया है। अब इस योजना के फिर से टेंडर निकाले जा रहे हैं।