निर्माणाधीन रोहतांग टनल के भीतर पानी के रिसाव के चलते गुरुवार को लोगों की आवाजाही रोक दी गई। अब शुक्रवार को दोपहर बाद टनल से होकर आवाजाही की मंजूरी मिलेगी। पहले बुधवार सुबह 6 से 7 बजे के बीच लोगों को रोहतांग टनल होकर निकाला जाना था, लेकिन टनल के भीतर पानी रिसने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से आवाजाही रोक दी गई।
हालांकि, लाहौल-स्पीति प्रशासन ने टनल होकर लाहौल आने वाले करीब ढाई सौ लोगों की सूची तैयार कर बीआरओ को सौंप दी है। बताया जा रहा है कि साउथ पोर्टल में करीब चार किमी भीतर रोहतांग टनल में सेरी नाला का पानी रिसने से पानी भर गया है।
इस कारण टनल के भीतर खुद बीआरओ के वाहनों की आवाजाही में भी परेशानी हो रही है। टनल के भीतर कई जगह सड़क पर लगभग 4 फुट तक पानी जमा हो गई है। हालांकि, वीरवार दोपहर बाद पानी को मशीनों के जरिये टनल से बाहर निकाल लिया गया है।
टनल के भीतर इलेक्ट्रिक सप्लाई भी दुरुस्त कर दी गई है। रोहतांग टनल परियोजना के मुख्य अभियंता ब्रिगेडियर एनएम चंद्रराना ने अमर उजाला को बताया कि पानी की समस्या को दूर करते हुए इलेक्ट्रिक फॉल्ट को भी दुरुस्त कर दिया गया है।
ब्रिगेडियर ने बताया कि अब शुक्रवार दोपहर बार टनल होकर लोगों को निकालने की योजना है। इधर, मनाली की तरफ से बीआरओ के मशीन राहनीनाला पहुंच गए हैं। लाहौल की तरफ से नॉर्थ पोर्टल पहुंचे हैं। फिलहाल, पैदल चलने वाले यात्रियों को रोहतांग पार करने के लिए अभी भी करीब 50 किमी बर्फ में कदमताल करना पड़ रहा है।