शिमला शहर को पानी देने वाली सबसे बड़ी पेयजल परियोजना गिरि और कोटी ब्रांडी परियोजना हांफ गई है। इससे शहर में जल संकट बरकरार है। दोनों परियोजनाओं की पाइपलाइनों में लीकेज चल रही है। गिरि में पंपिंग भी ठप है। इस कारण करीब 4 एमएलडी पेयजल व्यर्थ बह रहा है।
आधे शहर को चौथे दिन पानी की सप्लाई मिल पा रही है। नगर निगम के जलापूर्ति अधिकारियों का कहना है कि न्यू शिमला सेक्टर-1,2,3,4, चौड़ा मैदान, नाभा, फागली, टूटीकंडी, रामनगर, चक्कर, समरहिल, घोड़ा चौकी, टुटू, अनाडेल, कैथू, छोटा शिमला, ब्राकहास्ट, पाइन हाउस, हिमलैंड, ऐराहोम, कनलोग, वर्मा अपार्टमेंट, विलो पाइन, सदना घाटी, स्ट्रोबेरी हिल, शिवपुरी, हिमलैंड, टिंबर हाउस, परसदास गार्डन, टॉलैंड, चार्ली विला में चौथे दिन पानी की सप्लाई दी गई। मौजूदा समय में 29.35 एमएलडी पानी मिल रहा है।
कोटी-ब्रांडी, गिरि में कर रहे लीकेज को दुरुस्त
शहर की पेयजल परियोजना कोटी-ब्रांडी और गिरी में लीकेज की समस्या आ रही है। लीकेज को रिपेयर करवाया जा रहा है ताकि लोगों को अधिक परेशानी न झेलनी पड़े। ...राजेश कश्यप, निगम अभियंता, नगर निगम शिमला
आज यहां आएगा पानी
कसुम्पटी, विकासनगर, मालरोड, मिडल बाजार, लोअर बाजार, बसस्टैंड, कृष्णा नगर, लालपानी, दाड़नी का बागीचा, निगम विहार, लोअर खलीनी, अपर खलीनी, बेनमोर, राजभवन, मजीठा हाउस, फ्लावर डेल, बीसीएस स्कूल, संजौली, इंजनघर, नवबहार, हाउसिंग बोर्ड कलौनी, शनान, मल्याणा, भट्ठाकुफर आदि क्षेत्रों में वीरवार को पानी दिया जाएगा।
ओल्ड बस स्टैंड पार्किंग में ओवर चार्जिंग के नाम पर लूट
ओल्ड बस स्टैंड स्थित एचआरटीसी मुख्यालय के टैरेस फ्लोर पर चल रही कार पार्किंग में लोगों से जमकर ओवर चार्जिंग की जा रही है। महज दो घंटे गाड़ी पार्क करने के एवज में लोगों से 60 रुपये वसूले जा रहे हैं। नगर निगम की पार्किंगों की तुलना में एचआरटीसी की पार्किंग में करीब तीन गुणा अधिक वसूली की जा रही है।
न्यू शिमला निवासी प्रताप सिंह मेहता ने ओल्ड बस स्टैंड कार पार्किंग में ओवर चार्जिंग को लेकर शिकायत की है। मेहता का कहना है कि दो घंटे के लिए गाड़ी पार्क करने पर उनसे 60 रुपये वसूले गए। पार्किंग की पर्ची में रेट को लेकर कोई विवरण भी नहीं था। कार पार्किंग में रेट लिस्ट डिस्पले नहीं की गई है, जिसके कारण मनमानी पर कोई रोक नहीं है।
पार्किंग में हो रही ओवर चार्जिंग की शिकायत एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक और क्षेत्रीय प्रबंधक से की गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री, उपायुक्त शिमला और पुुलिस अधीक्षक को भी शिकायत की गई है।
प्रताप सिंह मेहता ने निगम प्रबंधन से कार पार्किंग की दरें नगर निगम की तर्ज पर 0 से 2 घंटे, 0 से 4 घंटे, 0 से 6 घंटे, 0 से 12 घंटे, 0 से 24 घंटे के लिए अलग अलग निर्धारित करने की मांग की है। उधर एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी ने बताया कि ओवर चार्जिंग की शिकायत मिली है, मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।