बालूगंज क्रॉसिंग से टुटीकंडी वाइफिरकेशन तक हुआ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का नगर एकत्रीकरण
विज्ञापन
शक्ति के बिना शस्त्र और शस्त्र के बिना शक्ति अधूरी : डॉ. चंद्र प्रकाश अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। संघ शताब्दी वर्ष एवं विजयदशमी के उपलक्ष्य पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने गणवेश में नगर एकत्रीकरण और पंथ संचलन किया। पथ संचलन बालूगंज क्रॉसिंग से शुरू होकर टुटीकंडी वाइफिरकेशन में जाकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण, एकत्रीकरण और शस्त्र पूजन से हुआ। इसमें स्वयंसेवकों ने अनुशासनपूर्वक भाग लिया। इसके बाद गणवेशधारी स्वयंसेवकों का पथ संचलन निकाला गया। इसमें स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। इस अवसर पर करीब 230 स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में और समाज से 120 से अधिक बंधु-भगिनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि के रूप में साहित्यकार एवं सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी श्रीनिवास जोशी मौजूद रहे। मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत कार्यवाह डॉ. चंद्र प्रकाश ने कार्यक्रम में शिरकत की।
विज्ञापन
श्रीनिवास जोशी ने अपने संबोधन में पंच प्रण को जीवन में अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, संविधान और संस्कृति का सम्मान, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों का पालन ऐसे संकल्प हैं, जिन्हें व्यवहार में लाकर हम राष्ट्र कल्याण में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने संघ की समाज उत्थान और राष्ट्रीय एकता में भूमिका की भी सराहना की। मुख्य वक्ता डॉ. चंद्र प्रकाश ने कहा कि आज के दिन का विशेष महत्व है, क्योंकि हम विजयदशमी का पावन पर्व, संघ स्थापना दिवस और संघ की शताब्दी वर्षगांठ तीनों का उत्सव एक साथ मना रहे हैं।
उन्होंने शक्ति पूजन और शस्त्र पूजन की परंपरा को स्पष्ट करते हुए कहा कि शक्ति के बिना शस्त्र और शस्त्र के बिना शक्ति अधूरी है। शस्त्र पूजन समर्पण का प्रतीक है और शक्ति संपूर्ण ब्रह्मांड की आधारशिला है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वह पंच परिवर्तन के इन विषयों को अपने आचरण और व्यवहार में अपनाकर उन पर सतत कार्य करने का संकल्प लें तथा राष्ट्र को उन्नति की दिशा में ले जाने में अपना योगदान दें। इस अवसर पर प्रांत प्रचारक संजय, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य महीधर प्रसाद, प्रांत पर्यावरण संयोजक पवन कुमार, विभाग प्रचारक महेश्वर, जिला संघ चालक अजय सूद और नगर संघ चालक लोकेश सूद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।