अब पियानो राउंड में हिस्सा लेंगे चयनित प्रतिभागी संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। विंटर कार्निवल में होने वाली वॉयस ऑफ शिमला स्पर्धा के लिए शनिवार को गेयटी थियेटर के गौथिक हॉल में ऑडिशन हुए। इसमें प्रदेश के सभी जिलों से आए करीब 80 कलाकारों ने भाग लिया।
यह ऑडिशन नगर निगम शिमला और महादेव स्टूडियो के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किए गए। गौथिक हॉल में ऑडिशन सुबह 10:00 बजे से शुरू हुए और शाम 5:00 बजे तक चले। इसमें एचपीयू के सहायक निदेशक मदन झालटा और एलबीएस गवर्नमेंट कॉलेज सरस्वती नगर के सहायक प्रोफेसर रोहित मोक्टा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। ऑडिशन में 30 कलाकारों का चयन हुआ। चयनित कलाकार रविवार को आयोजित होने वाले पियानो राउंड में भाग लेंगे। महादेव स्टूडियो के निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि विंटर कार्निवल में तीन सालों से वॉयस ऑफ शिमला की प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है जिसमें मुख्य रूप से हिमाचल के उभरते युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया जाता है। वॉयस ऑफ शिमला के विजेता को एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार मिलेगा।