जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में दूसरे दिन हुए 37 मैच, प्रतियोगिता का समापन आज
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। इंदिरा गांधी खेल परिसर में जिला स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप रोमांचक दौर में पहुंच गई है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न आयु वर्गों में 37 मुकाबले खेले गए। दिनभर चले मुकाबलों के बाद अंडर-17, अंडर-19 और सीनियर वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं के सेमीफाइनलिस्ट तय हो गए। सोमवार को फाइनल मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा।
अंडर-17 बालक वर्ग के प्री-क्वार्टर मुकाबलों में विश्वजीत सिंह, पूरव शर्मा, हर्ष रोका, मिताक्ष सिंह ठाकुर, गोविंद, विकेश, वीर विक्रम सिंह पंता और विराट सिंगला ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
क्वार्टर फाइनल में विश्वजीत सिंह ने पूरव शर्मा, हर्ष रोका ने मिताक्ष सिंह ठाकुर, विकेश ने गोविंद तथा वीर विक्रम सिंह पंता ने विराट सिंगला को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अंडर-19 बालक वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रियांश भारद्वाज, विराट सिंगला, वीर विक्रम सिंह पंता और विश्वजीत सिंह ने जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई।
अंडर-17 बालिका एकल वर्ग में ऋतिका शर्मा, ईवा जोगटा, आशिता ठाकुर और सोनाक्षी जसवाल ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सीनियर पुरुष एकल वर्ग में पार्थिव, समाक्ष, प्रियवंश भारद्वाज और श्राविक गंगटा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं सीनियर महिला एकल वर्ग में मिश्का ठाकुर, पाखी और यक्षिता सामरा ने जीत दर्ज कर अंतिम चार में स्थान पक्का किया।
जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव विजय धौहटा ने बताया कि प्रतियोगिता अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। सोमवार को फाइनल मुकाबलों के बाद विजेताओं और उपविजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।