प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों की मुहिम को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने नया मोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन के चुनाव पर हाईकमान को रिपोर्ट भेजी जाएगी। वीरवार देर शाम नादौन पहुंचे मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि संगठनात्मक चुनावों के संबंध में कांग्रेस की बैठक की जाएगी। इसमें मंत्री और पार्टी पदाधिकारी भाग लेंगे।
बैठक में संगठनात्मक चुनावों पर विस्तृत चर्चा होगी। सर्वमान्य निर्णय के पश्चात हाईकमान को रिपोर्ट दी जाएगी। हाईकमान अगर संगठनात्मक चुनावों की इजाजत देता है तो इसकी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता पार्टी की नींव है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जिस प्रत्याशी में जीतने की क्षमता होगी, उसे ही टिकट दिया जाएगा। ऐसा प्रत्याशी भले ही पिछला विस चुनाव हारा ही क्यों न हो।
विधानसभा चुनाव में किस क्षेत्र से किसे टिकट दिया जाएगा, इसका फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा। कहा कि हिमाचल एक है और सब को आगे आने का हक है। वे जातिवाद और क्षेत्रवाद पर व्यक्तिगत तौर पर विश्वास नहीं रखते हैं।