मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि देश के वित्त मंत्री उनके पीछे पड़े हुए हैं। वह मेरे खिलाफ साजिश और षडयंत्र रच रहे हैं। यही वजह है कि मुझे कानूनी सलाह लेनी पड़ रही है। लेकिन मेरे भी दो हाथ हैं और अपनी रक्षा करना खुद जानता हूं।
शुक्रवार को ऊना के जिला स्तरीय हरोली उत्सव का शुभारंभ करने पहुंचे सीएम ने पिछले दिनों पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा उन पर दिए गए बयान के जवाब में यह कहा। उन्होंने कहा कि उनका चरित्र बेदाग और साफ है।
अगर उन पर कोई हमला करे तो खुद को डिफेंड करना तो पड़ता है। वहीं, उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा रैली में हिमाचल के लिए कोई बड़ी घोषणा न करने पर कहा कि पीएम स्थानीय भाजपा को तवज्जो नहीं देते, न ही पसंद करते हैं।
इसलिए प्रदेश को कुछ देकर नहीं गए। प्रधानमंत्री की रैली कुछ ऐसी रही कि वो आए और चले गए। इसमें कुछ भी विशेष नहीं था। कुल मिलाकर प्रधानमंत्री का दौरा प्रदेश के लिए निराशाजनक रहा। इसमें स्थानीय भाजपा की असफलता झलकती है।
सीएम ने कहा कि मेले प्रदेश की संस्कृति के वाहक हैं। इससे जहां प्रदेश की संस्कृति विशेष को पहचान और संरक्षण मिलता है वहीं, युवा प्रतिभाओं को आगे आने के लिए मंच भी। सीएम ने हरोली के बढेड़ा में हजारों महिलाओं द्वारा प्रस्तुत किए गिद्दा नृत्य में शिरकत की।
उसके बाद उन्होंने हरोली में प्रदर्शनियों का अवलोकन करने के लिए हरोली में मिनी सचिवालय व निर्माणाधीन रामपुर-हरोली पुल का निरीक्षण किया। सीएम ने हरोली उत्सव की पहली संध्या में बतौर मुख्यातिथि भी शिरकत की। उनके साथ उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री व अन्य मौजूद रहे।