अब केरल की तर्ज पर हिमाचल में भी हेल्थ टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। प्रदेश में आने वाले समय में बड़े स्तर पर विलेज रिसॉर्ट विकसित होंगे। ग्लोबल इन्वेस्टर मीट के माध्यम से प्रदेश सरकार ने निवेशकों को हेल्थ टूरिज्म में निवेश करने की योजना बनाई है।
आयुर्वेद विभाग के पास लगभग 45 निवेशकों ने अपना-अपना प्रोजेक्ट सौंपा हैं, जिसमें 90 प्रतिशत विलेज रिसॉर्ट के हैं। आयुर्वेद विभाग सभी प्रोजेक्टों की पड़ताल कर रहा है। हर निवेशक के प्रोजेक्ट की डिटेल का अध्ययन किया जा रहा है। उधर, आयुर्वेद विभाग की संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी राखी सिंह ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर मीट के लिए आए प्रोजेक्टों में अधिकतर विलेज रिसॉर्ट के हैं।
क्या होते हैं विलेज रिसॉर्ट
विलेज रिसॉर्ट की लुक हिमाचल के पारंपरिक भवनों की तरह होगी। जिसमें सभी प्रकार की अत्याधुनिक सुविधा पर्यटकों को मुहैया करवाई जाएगी। निवेशक हिमाचल में विलेज रिसॉर्ट के बहाने हेल्थ टूरिज्म को विकसित करने की योजना में हैं। जिसमें पंचकर्म, स्पा आदि की सुविधा रहेगी। रोजगार के साथ विलेज रिसॉर्ट में हिमाचल के पारंपरिक रहन-सहन को भी बढ़ावा मिलेगा।