भाजपा की टीम बी हैं असदुद्दीन ओवैसी: अनिरुद्ध सिंह
हिमाचल प्रदेश सरकार में पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने सांसद असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर पलटवार किया है। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी तो खुद ही भारतीय जनता पार्टी की टीम बी हैं। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश के मुद्दों को नहीं समझते हैं और उनकी राजनीति सिर्फ एक समुदाय पर चलती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार विकास की राजनीति करती है और यहां हर काम कानून के मुताबिक होता है। कहा कि यह मुद्दा मंदिर और मस्जिद का नहीं है, बल्कि इमारत के अवैध और वैध होने का है। उन्होंने कहा कि यहां पर अवैध रूप से निर्माण हुआ है और ऐसे में सरकार इस पर कानून के मुताबिक कार्रवाई करवाएगी।
उन्होंने कहा कि इस पर असदुद्दीन ओवैसी को राजनीति करने की जरूरत नहीं है। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि वह उनका निजी तौर पर सम्मान करते हैं, लेकिन वे समुदाय विशेष की राजनीति करते हैं और उन्हें विकास से कोई लेना-देना नहीं है। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश में लंबे वक्त से मुस्लिम समुदाय के लोग रहते हैं। यहां कभी कोई परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अब अचानक से यहां बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की संख्या बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि भारी राज्यों से आने वाले में हिंदू-मुसलमान का भेद नहीं है, बल्कि यह सिर्फ सही तरह सत्यापन के साथ प्रदेश में आने की बात है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों और अन्य भारी राज्यों से यहां लोग आ रहे हैं। यही नहीं, कई दूसरे देशों के नागरिक भी यहां आ रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसकी भी जांच करवाई जाने की जरूरत है।