एचआरटीसी के चालक को पीटते हुए हरियाणा निवासी।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
दिल्ली से शिमला आ रही एचआरटीसी की वोल्वो बस के चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कच्चीघाटी क्षेत्र में ओवरटेकिंग को लेकर हुई विवाद के बाद स्कॉर्पियो गाड़ी सवारों ने बस को रोका और चालक की पिटाई कर दी। शिमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दो आरोपी ठियोग की तरफ फरार हो गए थे उनको भी ठियोग पुलिस की टीम द्वारा डिटेन करके थाना बालूगंज को सौंपा गया है जिनको पुलिस थाना बालूगंज की टीम द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
रविवार सुबह दिल्ली से शिमला जा रही एचआरटीसी की वोल्वो बस कच्चीघाटी पहुंची तो बस चालक ने एक एचआर नंबर वाली स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक कर दिया। इस बात पर नाराज स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने बस को जबरन रोका और चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही थाना बालूगंज की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
चालक ने क्या कहा?
बस चालक राजेंद्र सिंह का आरोप है कि उनके द्वारा सैलानियों की गाड़ी को ओवरटेक करने के बाद उन्होंने उसके साथ मारपीट की। उनका आरोप है कि चलती बस से उन्हें बाहर खींचा गया। अगर समय रहते बस के कंडक्टर ने हैंडब्रेक नहीं लगाई होती तो बस में सवार 40 सवारियों की जान को भी खतरा हो सकता था। उनका दावा है कि इस मारपीट में उनके सिर पर 6 टांके लगे है। एसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।
- गिरफ्तार आरोपी: पंकज (33 वर्ष), पुत्र शिव कुमार, निवासी पंचकूला (हरियाणा)
- विकास कुमार: (22 वर्ष), पुत्र विलक्षण राम, निवासी पंचकूला (हरियाणा)
- प्रतिभा पत्नी विक्की कुमार गांव अभयपुर पंचकूला, हरियाणा
- विक्की कुमार पुत्र शिव कुमार निवास गांव अभयपुर पंचकूला, हरियाणा
पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। वहीं, शिमला पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा है कि सार्वजनिक सेवा में लगे कर्मियों के साथ हिंसक व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।