रितु नेगी, पुष्पा राणा व साक्षी शर्मा।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर के शिलाई क्षेत्र की बेटियों ने अपनी मेहनत और जज्बे के दम पर कबड्डी के मैदान में देश-दुनिया में पहचान बनाई है। अब इसी खेल प्रतिभा को नई दिशा और मजबूत आधार मिलने जा रहा है। पहाड़ की पगडंडियों और मिट्टी के मैदानों से निकलकर राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं खिलाड़ियों की धरती शिलाई में अब कबड्डी छात्रा छात्रावास नई खेल प्रतिभाओं की पौध तैयार करेगा। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 13 जुलाई को राजकीय छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिलाई में नवनिर्मित कबड्डी खेल छात्रा छात्रावास का उद्घाटन करेंगे।
यह छात्रावास शिलाई सहित पूरे सिरमौर और ट्रांसगिरि क्षेत्र की उन बेटियों के लिए उम्मीद की नई किरण है, जो खेलों में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं। छात्रावास में खिलाड़ियों को रहने, प्रशिक्षण और अभ्यास की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे दूरदराज के गांवों की प्रतिभाशाली छात्राएं भी बिना किसी बाधा के खेल में आगे बढ़ सकेंगी। अब तक शिलाई क्षेत्र की कई बेटियों को खेल में आगे बढ़ने के लिए कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। कबड्डी छात्रा छात्रावास शुरू होने के बाद खिलाड़ियों को एक ही स्थान पर बेहतर प्रशिक्षण, अनुशासित माहौल और प्रतियोगिताओं की तैयारी का अवसर मिलेगा।