हिमाचल में बुधवार से वेरका का पैकेट बंद दूध दो रुपये प्रति लीटर महंगा मिलेगा। अब ग्राहकों को एक लीटर दूध के 46 की बजाय 48 रुपये चुकाने होंगे। वेरका कंपनी ने दूध उत्पादन की प्रक्रिया महंगी होने का तर्क देते हुए दाम बढ़ाए हैं।
पंजाब सरकार की सहकारी संस्था मिल्कफेड के चेयरमैन अमरजीत सिंह सिद्धू ने दाम बढ़ने की पुष्टि की है। मिल्कफेड के प्रमुख ब्रांड वेरका ने अपने सभी प्रकार के तरल दूध में 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाने की घोषणा की है। दामों में बढ़ोतरी 8 मार्च से लागू होगी।
दूध के दाम में बढ़ोतरी मुख्य तौर पर डेयरी किसानों की लागत मूल्य बढ़ने के कारण की गई है। चेयरमैन अमरजीत सिद्धू ने बताया है कि हमारे पास दूध की पैकिंग के लिए पॉलिफिल्म का कुछ पुराना स्टॉक पड़ा है। उस पर पुराना दाम प्रिंट हुआ है।
अभी दूध उनमें ही पैक किया जाएगा। पुराने पाउच पर नई दरों की स्टैंप होगी। उधर, वेरका कंपनी के दाम बढ़ाए जाने के बाद संभावित है कि अन्य कंपनियां भी अपने दूध के दाम बढ़ाएंगी। अभी प्रदेश में अमूल और वीटा दूध 46 रुपये प्रति लीटर और कामधेनु दूध 45 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।