मंगलवार को प्रंघाला नाले पर बनाए गए अस्थायी रास्ते से छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू होने के बाद दोपहर के समय गाड़ियों में पहुंचे श्रद्धालुओं को भरमौर तक जाने दिया गया। हालांकि, पुलिस ने कलसुई में सोमवार को श्रद्धालुओं को रोक दिया था।
डीएसपी चंबा अजय शर्मा ने बताया कि मंगलवार को भरमौर से 2500 श्रद्धालु प्रंघाला नाले से आगे मणिमहेश के लिए निकले हैं। वहीं, कलसुई से अमूमन छह हजार श्रद्धालुओं ने मणिमहेश का रुख किया है।
राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण चंबा के अधिशासी अभियंता राजेंद्र शेखड़ी ने बताया कि खड़ामुख के समीप सड़क का हिस्सा ढह गया है। मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
जबकि, छोटे वाहनों की ही आवाजाही जारी है। कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था करवाने बारे प्रयास किए जा रहे है। कहा कि इससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
एडीएम भरमौर पीपी सिंह, एसडीएम मनीष कुमार सोनी ने बताया कि खड़ामुख के पास गिरे सड़क का एक बड़ा हिस्सा ढह जाने के बाद मार्ग छोटे वाहनों और पैदल आवाजाही करने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुला है। कहा कि उक्त स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए एनएच मंडल चंबा की मशीनरी को बुलाया गया है।