मौके 21 वाहन चालकों ने जमा की जुर्माना राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय (आरटीओ मुख्यालय) के उड़न दस्ते के यातायात निरीक्षकों ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों पर शिकंजा कस दिया है। अभियान के दौरान शुक्रवार को करीब 260 गाड़ियों की जांच की गई। नियमों की अवहेलना पर मौके पर 57 वाहनों के चालान काटे गए। इसमें 3.99 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है।
उड़न दस्ते की टीम ने शुक्रवार सुबह के समय कंडाघाट और सोलन में नाका लगाया। आरटीओ अनिल कुमार शर्मा ने यातायात निरीक्षक राजकुमार, तपेश शर्मा और दीवान चंद के साथ मिलकर गाड़ियों की जांच की। जांच में सामने आया कि कई गाड़ियां बिना परमिट, बीमा, फिटनेस सर्टिफिकेट और टैक्स का भुगतान किए बगैर चल रही हैं। इनमें टैक्सी, मैक्सी टेंपाें ट्रेवलर समेत अन्य गाड़ियां शामिल थीं। विभाग ने मौके पर 57 गाड़ियों के चालान काटकर 3.99 लाख रुपये का जुर्माना किया। मौके पर 34 वाहन चालकों ने चालान का पैसा 78 हजार रुपये जमा करवाया। लंबित 23 वाहन चालकों से करीब 321000 रुपये का जुर्माना वसूला जाना अभी बाकी है। आरटीओ अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन चालक को बख्शा नहीं जाएगा। इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।