सड़कों पर लगीं रहीं कतारें, 15 दिन में तीन लाख से अधिक वाहन पहुंचे शिमला शहर
विज्ञापन
कार्टरोड पर लगा रहा लंबा जाम, दिनभर परेशान रहे लोग
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी शिमला में शुक्रवार को भी लोग यातायात जाम से जूझते रहे। सुबह से लेकर शाम तक सर्कुलर रोड समेत शोघी-शिमला एनएच पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। इस वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम के कारण कुछ मिनट के सफर को पूरा करने में एक घंटे का समय लग गया। पिछले 15 दिन में 3 लाख से अधिक वाहनों का शिमला में आना-जाना हुआ है। वाहनों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि होने के कारण सड़कों पर दबाव बढ़ा है जिस वजह से लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। पार्किंग की कमी के कारण सड़कों के किनारे भी बेतरतीब ढंग से गाड़ियां खड़ी हो रही हैं जोकि वाहनों की आवाजाही में बाधा पैदा कर रही हैं। शहर में शुक्रवार को लिफ्ट से लेकर बैम्लोई तक सर्कुलर रोड पर सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां जाम का कारण बनती रहीं। पुलिस विभाग ने ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए अफसरों को सुबह और शाम को सड़कों पर उतरकर यातायात प्रबंधन करने की निर्देश दिए हैं।
शहर में वाहनों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए शोघी से शिमला की ओर जाने वाले वाहनों को आनंदपुर-मैहली मार्ग से भेजा जा रहा है। इसके अतिरिक्त शहर में वाहनों की संख्या बढ़ने से टुटीकंडी बाईपास और ढली से भट्ठाकुफर बाईपास पर वाहनों को हालात देखकर भेजा जा रहा है। इससे शहर में वाहनों के दबाव को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। शहर में एग्जाम से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की है लेकिन पर्यटन सीजन में वाहनों के भारी दबाव के कारण शहर वासियों को ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ रहा है। इसका असर सरकारी और निजी क्षेत्र के कर्मचारियों के साथ ही स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। डीएसपी ट्रैफिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के अलावा भी कदम उठाए जा रहे हैं।