शहर की सड़कों पर खड़े रहते हैं हजारों वाहन, मोबाइल, लैपटॉप से लेकर लाखों का सामान चोरी होने के आ चुके हैं मामले
विज्ञापन
पुलिस की अपील, चिह्नित स्थानों पर ही खड़े करें वाहन अमर उजाला ब्यूरो शिमला। ढांडा में सड़क के किनारे खड़ी गाड़ी से चोर 12 लाख रुपये की लग्जरी घड़ी समेत लाखों का सामान चुराकर ले गए।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी का सारा सामान भी बरामद कर लिया है। शहर में इस तरह की कई चोरियों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें सड़कों के किनारे खड़े वाहनों से सामान चोरी हुआ है। इनमें से कई मामले आज तक अनसुलझे हैं। शहर में पार्किंग की कमी के कारण हजारों वाहन सड़कों के किनारे खड़े होते हैं। यही वजह है कि यह वाहन चोरों के निशाने पर हैं। इन घटनाओं को अंजाम देने के पीछे नशे के आदी युवाओं के साथ ही पेशेवर चोर भी शामिल हैं।
संजौली, लक्कड़बाजार, टुटू, ढांडा, शिवनगर, भट्ठाकुफर और छोटा शिमला समेत अन्य क्षेत्रों में भी सड़कों के किनारे खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही सामान चोरी होने की घटनाएं हो चुकी हैं। इसमें पीड़ित पक्ष को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। एसएसपी गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रयासरत है। रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ही हर चोरी के मामले में आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों से चिह्नित स्थानों पर वाहनों को खड़ा करने और गाड़ियों में किसी तरह का कीमती सामान न रखने की अपील की है।
विज्ञापन
आईजीएमसी के पास 15 जून को विनोद ने अपनी गाड़ी खड़ी की और मालरोड चले गए। शाम के समय जब वह लौटे तो गाड़ी से 43 हजार रुपये की नकदी और सोने के मंगलसूत्र, नथ, कड़े, चाक, मांग टीका, कान के झुमके, चेन और पायल की जोड़ी गायब थी। जांच करने पर पता चला कि गाड़ी के दरवाजे का लॉक टूटा हुआ था। इस क्षेत्र में इससे पहले भी सड़कों के किनारे खड़े वाहनों को निशाना बनाया जा चुका है। इसी तरह एक अन्य गाड़ी से मोबाइल फोन समेत अन्य सामान चोरी होने का मामला भी सामने आ चुका है। आईजीएमसी में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लोग उपचार के लिए आते हैं और पार्किंग की कमी के कारण सड़कों के किनारे वाहन खड़ा कर देते हैं। ऐसे वाहनों को ही चोर निशाना बनाते हैं।
ढली और शिवनगर में गाड़ियों को पहुंचाया नुकसान
ढली क्षेत्र में मई में सड़क के किनारे खड़ी गाड़ियों से चोरी के प्रयास का मामला सामने आया था। यहां संजौली-ढली बाईपास पर खड़ी एक पिकअप के शीशे आरोपियों ने तोड़ दिए। इसके बाद भीतर कीमती सामान तलाशने के लिए पूरा सामान खंगाला। टुटू के शिवनगर क्षेत्र में इसी महीने शनिवार को चोरों ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के शीशे और लॉक तोड़ दिए। यहां चोरों ने चार वाहनों को निशाना बनाया। वाहनों के शीशे और लॉक तोड़कर आरोपियों ने गाड़ियों के भीतर रखा सामान चोरी कर लिया। इसके अलावा न्यू टुटू में सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल से पेट्रोल चोरी होने का मामला भी सामने आया है।