कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार
हिमाचल प्रदेश विवि में जल्द गैर शिक्षकों के विज्ञापित किए पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार ने शुक्रवार को पांच अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति के मौके पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि गैर शिक्षकों के पदों को भरने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कोविड-19 के कारण इन भर्तियों की प्रक्रिया को शुरू नहीं किया जा सका है।
हालात नियंत्रण में होने पर गैर शिक्षकों के रिक्त पड़े पदों को भरे जाने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने सेवानिवृत्त हुए उप कुलसचिव जगदीश राम ठाकुर, सहायक कुलसचिव विजय सिंह, सहायक पुस्तकालय अध्यक्ष रामानंद, टीजीटी एचपीयू मॉडल स्कूल सुनीता गुप्ता और बेलदार बिशन सिंह को शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व कुलपति ने विवि से सेवानिवृत्त हुए मुख्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश चौहान और लेखा परीक्षा विभाग के संयुक्त नियंत्रक विजय कुमार वालिया को भी सम्मानित किया।