कार्यवाहक कुलपति और बिना प्रति कुलपति के चल रहे हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के बाद अब मंडी और तकनीकी विश्वविद्यालय भी बिना स्थाई कुलपति और प्रति कुलपति के हो जाएंगे । बीते रोज एचपीयू की कार्यकारिणी परिषद में विवि के ईओएल पर गए मंडी विवि के कुलपति, प्रति कुलपति और हमीरपुर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति की छुट्टियों के रद़द किए जाने के हुए निर्णय के बाद प्रदेश के तीन तीन विश्वविद्यालय बिना स्थायी कुलपति के हो जाएंगे। प्रदेश सरकार को सत्ता में आए तीन माह से अधिक का समय बीत चुका है। बार बार एचपीयू में स्थायी कुलपति की तैनाती जल्द किए जाने की उठ रही मांग के बावजूद अभी तक कुलपति के पद पर नियुक्ति करने की प्रक्रिया तक शुरू नहीं हो सकी है। इसी बीच विवि के प्रति कुलपति ने भी पद छोड़ दिया।
अब एचपीयू के कुलपति पद का कार्यभार केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति देख रहे हैं। ईसी के निर्णय के बाद इसकी कार्रवाई रिपोर्ट जारी होने आदेश जारी होने पर सरदार पटेल और तकनीकी विश्वविद्यालय भी बिना स्थाई कुलपति के हो जाएगा। अब सरकार इन पदों की जिम्मेदारी किसी सौंपी जाएगी, छुटि़्टयां रद्द होने के बाद इन तीन शिक्षकों का अगल कदम क्या रहता है, इस पर सबकी निगाह रहेगी। एक साथ तीन तीन विश्वविद्यालयों के बिना कुलपति होने पर प्रदेश सरकार को इन विश्वविद्यालयों में स्थाई कुलपति की नियुक्ति के लिए सर्च कमेटी गठन कर प्रक्रिया एक साथ शुरू करनी पड़ेगी, जिससे विश्वविद्यालयों को जल्द स्थाई मुखिया मिले।