कोरोना टीके की नहीं होगी अब बर्बादी, स्लॉट खोलकर दूसरे व्यक्ति को मिलेगी बुकिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। स्लॉट बुकिंग के बाद अगर कोई व्यक्ति वैक्सीन लगाने के लिए आईजीएमसी नहीं आ रहा है तो उस व्यक्ति की जगह दूसरे को वैक्सीन लगाई जाएगी। हालांकि उस व्यक्ति को भी स्लॉट की बुकिंग करवानी होगी। इससे पहले केंद्र के चिकित्सक स्वास्थ्य विभाग से स्लॉट खोलने को कहेंगे जिसके बाद यह प्रक्रिया पूरी हो पाएगी।
जिले में 18 से 44 साल के लोगों को सोमवार और वीरवार को टीका लगाया जाएगा। कुछ लोग एकसाथ दो-दो जगहों पर बुकिंग करवा लेते हैं और दूसरी जगह पर वैक्सीन लगाने के लिए चले जाते हैं। इस कारण टीके की बर्बादी हो सकती है। इस बर्बादी को रोकने के लिए आईजीएमसी के वैक्सीनेशन केंद्रों पर बैठे डॉक्टरों ने एक यह बदलाव किया है। बताया जा रहा है कि केंद्रों पर 70 के करीब लोगों को वैक्सीन लगाई जाती है। वैक्सीनेशन केंद्र पर स्लॉट बुकिंग के बाद भी अगर कोई नहीं आता है तो संबंधित व्यक्ति को फोन पर इसका कारण जानकर दूसरे व्यक्ति को वैक्सीन के लिए बुलाकर टीका लगाया जाएगा। इसमें चिकित्सक नोडल वैक्सीनेशन ऑफिसर की मदद लेंगे।
एक भी डोज नहीं होती खराब : रिजवी
आईजीएमसी के वैक्सीनेशन केंद्र के नोडल ऑफिसर डॉक्टर साद रिजवी ने बताया कि केंद्र पर सुबह साढ़े 11 बजे तक 75 फीसदी लोग अपनी वैक्सीनेशन करवा लेते हैं। वहीं जो लोग नहीं आते हैं उनसे संपर्क किया जाता है। इसके बाद भी अगर वह नहीं आए तो ऐसी स्थिति में जिला स्वास्थ्य अधिकारियों को सूचित करके खाली स्लॉट को खुलवाकर दूसरे व्यक्ति को वैक्सीन के लिए बुलाया जाता है। अस्पताल के डॉक्टर एक डोज एक जिंदगी के महत्व पर कार्य कर रहे हैं।