बेरोजगारी भत्ते पर शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने परिवहन मंत्री जीएस बाली पर इशारों- इशारों में तंज कसा है। धर्मशाला में शहरी विकास मंत्री से नगरोटा बगवां और चंबा में दो जगह से बेरोजगारी भत्ते की स्कीम लांच होने पर कांग्रेस नेताओं के बीच तकरार को लेकर उनकी प्रतिक्रिया जानी गई। इस पर सुधीर शर्मा ने कहा कि बेरोजगारी भत्ता प्रदेश सरकार ने दिया है।
प्रदेश का मुखिया होने के नाते जिस योजना को मुख्यमंत्री लांच करेंगे, उसे ही असली लांचिंग कहा जाता है। लेकिन, जो लोग श्रेय लेना चाहें और इस पर राजनीति करना चाहें, उनको तो मैं रोक नहीं सकता हूं। लेकिन, सही बात यह है कि बेरोजगारी भत्ता मुख्यमंत्री ने दिया है। मुख्यमंत्री पर किसी तरह का न तो कोई दबाव था न ही कभी होगा।
नेताओं के मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा के सवाल पर सुधीर ने कहा कि जब भी कोई नेता विधायक बनता है तो वह जरूर सोचता है कि वह मुख्यमंत्री बने। लेकिन, जिसको बहुमत का साथ हो, जिसके नेतृत्व पर जनता का विश्वास हो, वही सीएम बनता है। नगरोटा बगवां में बाली की रैली में नहीं जाने पर सुधीर शर्मा ने कहा कि यह परिवहन मंत्री के अपने चुनाव क्षेत्र में कार्यक्रम था। मेरे चुनाव में भी महिला दिवस का कार्यक्रम था तो उसमें मैं भी अकेला ही था।