महापौर सुरेंद्र चौहान ने कंपनी को लगाई फटकार संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के नाभा वार्ड में स्टोरेज टैंक से पाइप लाइन न बिछाने को लेकर नगर निगम के मंगलवार को हुए सदन में खूब हंगामा बरपा।
वार्ड की पार्षद सिम्मी नंदा ने कहा कि कंपनी ने यहां पर टैंक तो बना दिया है लेकिन कंपनी पाइप लाइन बिछाने की जहमत नहीं उठा रही। इससे वार्ड में रहने वाले हजारों लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। शहर में पहले ही पानी की राशनिंग चल रही है। अब यह समस्या और गहरा गई है। नगर निगम का साल का आखिरी सदन मंगलवार करीब ढाई बजे शुरू हुआ। महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल ने सदन की अध्यक्षता की। दोपहर तीन बजे के करीब जब नाभा वार्ड से कांग्रेस पार्षद सिम्मी नंदा का सदन में सवाल लगा तो उन्होंने कंपनी पर तीखे प्रहार किए।
कंपनी के अधिकारियों के साथ पार्षद की हल्की बहस भी हुई। पार्षद ने बताया कि वार्ड में स्टोरेज टैंक बने करीब आठ साल हो गए हैं लेकिन पाइप बिछाने का काम पूरा नहीं हो पाया। वार्ड की जनता को पीने के पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि एसजेपीएनएल के अधिकारियों को सदन के माध्यम से कई बार बताया लेकिन कंपनी के अधिकारी नहीं सुन रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखने के तुरंत बाद महापौर सुरेंद्र चौहान ने कंपनी को फटकार लगाई। मौके पर महाप्रबंधक राजेश कश्यप से पूछा कि आखिर काम क्यों नहीं हो रहा है। महापौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पार्षदों द्वारा उठाए मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ कागजी योजनाओं का मामला नहीं है, बल्कि आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ा विषय है। महापौर ने अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि पानी की पाइप लाइन से जुड़े सभी लंबित कार्यों की समय सीमा तय की जाए और उसकी नियमित समीक्षा हो। चेतावनी दी कि यदि भविष्य में लापरवाही सामने आई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। सदन में मौजूद अन्य पार्षदों ने भी इस मुद्दे पर समर्थन जताते हुए कहा कि कई वार्डों में पानी की आपूर्ति बड़ी समस्या बनी हुई है।
ऋण संबंधी जानकारी न देने से पर जताया रोष
शहर में 24 घंटे पेयजल परियोजना और सीवरेज नेटवर्क के कार्यों को लेकर विश्व बैंक से ऋण संबंधी मामला गरमाया रहा। भाजपा पार्षद कमलेश मेहता, सरोज ठाकुर और कांग्रेस पार्षद सिमी नंदा ने कहा कि पिछले सदन में उन्होंने कंपनी से पूछा था कि विश्व बैंक से आए पैसे कहां खर्चे लेकिन कंपनी ने जानकारी उन्हें नहीं दी। कंपनी के अधिकारी ने बताया कि इसका जवाब दिया है, लेकिन यह जवाब विधानसभा में दिया है।