कार्रवाई के लिए लक्कड़ बाजार आई थी नगर निगम की टीम
विज्ञापन
आधे घंटे तक चला ड्रामा, बाद में महिला को चौकी ले गई पुलिस अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी के लक्कड़ बाजार में तहबाजारियों का सामान जब्त करने को लेकर मंगलवार को खूब हंगामा हुआ। एक महिला तहबाजारी नगर निगम की गाड़ी के नीचे लेट गई और जब्त किया गया सामान वापस करने की मांग करने लगी।
आधे घंटे तक मौके पर हंगामा चलता रहा। निगम की संपदा शाखा की टीम दोपहर 12:00 बजे लक्कड़ बाजार के औचक निरीक्षण के लिए पहुंची थी। यहां दो तहबाजारियों ने रोक के बावजूद सड़क पर सामान सजा रखा था। निगम टीम ने दोनों का सामान जब्त कर लिया। इस पर एक महिला तहबाजारी भड़क गई और सामान वापस देने की मांग करने लगी। महिला ने कहा कि निगम की टीम गरीबों को उजाड़ रही है। निगम कर्मचारियों ने कहा कि लक्कड़ बाजार नो वेंडिंग जोन है और यहां दुकानें नहीं सजा सकते। जब्त किया सामान भी वापस देने से इन्कार कर दिया। महिला निगम की गाड़ी के नीचे लेट गई और जान देने की बात कहने लगी। हंगामा देख कारोबारी और लोग भी मौके पर जमा हो गए। बीच सड़क पर खड़ी निगम की गाड़ी से यहां एंबुलेंस भी कुछ देर के लिए फंस गई। निगम टीम ने पुलिस को सूचित किया। लक्कड़ बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला तहबाजारी को गाड़ी के नीचे से निकाला और इसे चौकी ले गए। नगर निगम का कहना है कि नो वेंडिंग जोन में सामान सजाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।