हिमाचल में भाजपा की सरकार बनने पर यूसीसी यानी यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू कर दिया जाएगा। साथ ही केंद्र के एक राष्ट्र-एक चुनाव के प्रस्ताव को भी पूरा समर्थन दिया जाएगा। यह निर्णय मंडी में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में लिया गया। मीडिया से संवाद में यह जानकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर ने दी। अनुराग ठाकुर ने जहां केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों की सराहना की, वहीं कांग्रेस को भी जमकर घेरा।
अनुराग ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही बेरोजगार युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने के अलावा विकास का खास ख्याल रखा जाएगा। कहा कि पीएम मोदी ने छोटा राज्य होने के बाद भी हिमाचल का खास ख्याल रखा है। दूसरे दिन मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने बैठक की अध्यक्षता की। वहीं, प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।